जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के चेयरमैन एडवोकेट मुकेश शर्मा ने बैंक की चंडी शाखा के नए भवन परिसर का लोकार्पण किया। यह शाखा सन 1978 से पुराने भवन में संचालित हो रही थी, जिसे अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त और आकर्षक नए भवन में शिफ्ट किया गया है। इस शाखा को नए भवन में लब्दील करने के लिए बीते 18 से 19 सालों से प्रयास हो रहे थे। इस अवसर पर चेयरमैन मुकेश शर्मा ने कहा कि बैंक सदैव अपने ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं और सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक की सभी शाखाओं को न केवल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है बल्कि उन्हें आकर्षक रूप भी दिया जा रहा है, ताकि ग्राहकों और बैंक कर्मचारियों को एक सकारात्मक और उत्साहजनक वातावरण मिल सके।