जिला सिरमौर में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर पूर्व ऊर्जा मंत्री व विधायक पांवटा साहिब सुखराम चौधरी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। मीड़िया को जारी बयान में उन्होंने कहा कि नाहन के डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज का कार्य कई सालों से अधर में लटका हैं। जिला के सभी अस्पतालों में भारी संख्या में पद रिक्त हैं और दूरदराज क्षेत्र से आने वाले लोग स्वास्थ्य सुविधाएं न मिलने के चलते परेशानी झेल रहे हैं। चौधरी ने कहा कि मेडिकल कालेज नाहन के बंद पड़े कार्य के मामले को उन्होंने विधानसभा में भी उठाया है। उन्होंने कहा कि न तो यहां कार्य शुरू हो पा रहा है और न ही यहां आने वाले रोगियों को पर्याप्त मात्रा में स्वास्थ्य सुविधाएं मिल पा रही हैं। इसके अलावा पांवटा साहिब सिविल अस्पताल में भी असुविधाओं का आलम है। भारी संख्या में चिकित्सकों समेत पैरामेडिकल स्टाफ नहीं है। यही हाल जिला के रेणुका जी, पच्छाद, शिलाई, राजगढ़ में चल रहे स्वास्थ्य संस्थानों का है। जहां पर्याप्त मात्रा में लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।