सिरमौर की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए यूको आरसेटी नाहन ने महिला टेलरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आगाज कर दिया है। इस 31 दिवसीय विशेष कोर्स के माध्यम से ग्रामीण व शहरी क्षेत्र की महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई के क्षेत्र में दक्ष बनाकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरी तरह नि:शुल्क है और राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण परिषद द्वारा प्रमाणित है। प्रशिक्षण की खास बात यह है कि इसमें शामिल होने वाली महिलाओं के लिए संस्थान की ओर से नि:शुल्क रहने (आवास) और भोजन की व्यवस्था की गई है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और दूर-दराज की महिलाएं भी बिना किसी बाधा के अपना कौशल निखार सकें। प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्रशिक्षण मंजीता द्वारा इस कोर्स में महिलाओं को सिलाई की बारीकियों से रूबरू करवाया जा रहा है, जिसमें मुख्य रूप से डिजाइनिंग और कटिंग, कुर्ती, सलवार, ब्लाउज और पेटीकोट बनाने का पेशेवर तरीका। फिनिशिंग, प्रेसिंग और आधुनिक फैशन डिजाइनिंग की जानकारी दी जा रही है। संस्थान की निदेशक नवजोत कौर ने बताया कि इस शिविर में 32 महिलाएं टेलरिंग का प्रशिक्षण ग्रहण कर रही हैं। उनको व्यवसाय से जुड़ी सभी उपयोगी जानकारी भी प्रदान की जा रही है।