लोहड़ी पर्व को लेकर शहर के बाजारों में रौनक अपने चरम पर है। बाजार मूंगफली, गजक और रेवड़ी की खुशबू से सराबोर हो उठे हैं। इस साल बाजारों में पारंपरिक स्वाद के साथ-साथ आधुनिक गिफ्टिंग टोकरियों का भी काफी क्रेज देखने को मिल रहा है। बाजार में खरीदारी का सिलसिला शुरू हो चुका है। इस बार छोटे पैकेट्स की मांग सबसे ज्यादा है। बच्चों के पसंदीदा मरुंडा (मुरमुरे के लड्डू) जहां मात्र 20 से 50 रुपये में मिल रहे हैं। गुड़ की गजक और तिल की रेवड़ी की मिठास हर घर तक पहुंच रही है। रेहडिय़ों पर 50 रुपये की पाव और दुकानों में 100 रुपये किलो मूंगफली सबसे ज्यादा बिकने वाली चीज बनी हुई है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि लोहड़ी से दिन पहले ग्राहकों की संख्या और बढ़ेगी। मुख्य बाजारों से लेकर गलियों तक में स्टॉल्स सज चुके हैं। लोहड़ी की यह खरीदारी न केवल त्योहार की मिठास बढ़ा रही है, बल्कि छोटे व्यापारियों के लिए भी खुशियां लेकर आई हैं।