राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेला 4 से 6 सितंबर तक सराहां में आयोजित होगा। यह जानकारी उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बुधवार को उपायुक्त सभागार में मेले के आयोजन को लेकर बुलाई बैठक में दी। इस दौरान पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि मेले का शुभारंभ 4 सितंबर को वामन भगवान की पारंपरिक पूजा अर्चना से होगा। इसके बाद वामन देव की शोभा यात्रा निकाली जाएगी। बैठक में मेले के दौरान शोभायात्रा, कानून व्यवस्था, विद्युत, पानी, यातायात, सफाई, अग्निशमन, चिकित्सा, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, दंगल, विभागीय प्रदर्शनी के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने इन आयोजनों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न उप समितियों के गठन करने के निर्देश दिए। एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा ने बताया कि मेले के दौरान खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। उन्होंने सभी सदस्यों व स्थानीय लोगों से मेले को सफल बनाने में अपना रचनात्मक सहयोग देने का आग्रह किया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य आनंद परमार और नीलम शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एलआर वर्मा, तहसीलदार प्रवीण कुमार, वामन देवता समिति के सदस्य, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, विभिन्न पंचायतों के प्रधान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।