औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के तहत कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क से रोजाना आवजाही करने वाले वाहन चालकों और आम लोगों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने जा रही है। लोक निर्माण विभाग ने रामपुर जट्टान और जोहड़ों क्षेत्र में खस्ताहाल सड़क का सुधार कार्य शुरु कर दिया है। सड़क के ऊबड़-खाबड़ हिस्से को समतल किया जा रहा है, ताकि टाइल बिछाने का कार्य सुचारू रूप से किया जा सके। बहरहाल, सड़क के सुधार कार्य पर करीब 50 लाख रुपये की राशि खर्च की जा रही है। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण कालाअंब–त्रिलोकपुर सड़क पर भारी वाहनों सहित यातायात का दबाव अधिक रहता है। इसे देखते हुए टाइल लगाने का कार्य इस तरह से किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आलोक जानवेजा ने बताया कि त्रिलोकपुर सड़क को 50 लाख रुपये की लागत से टाइल लगाकर सुधारा जा रहा है। इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि सड़क की स्थिति और स्थाई समाधान को मद्देनजर रखते हुए सड़क के ज्यादा खराब हिस्सों में टाइल लगाने का निर्णय लिया गया है।