रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संगड़ाह के समीप लुधियाना में 3 अप्रैल से रेणुका प्रीमियम लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन बाइलेश्वर क्रिकेट क्लब लुधियाना की ओर से किया जा रहा है। क्लब के पदाधिकारी सुभाष ठाकुर ने बताया कि यह प्रतियोगिता पहली बार आयोजित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में टीमें हिस्सा लेंगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए 80 टीमों का स्लॉट रहेगा, अब तक 50 टीमों ने पंजीकरण करवा लिया है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए 25 मार्च तक पंजीकरण की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसके बाद 27 और 28 मार्च को ऑनलाइन पुल (ड्रा) निकाला जाएगा, जिसके आधार पर मैचों का शेड्यूल तय किया जाएगा।