हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में हुई प्राकृतिक आपदा से हालात बहुत बुरे हैं। यहां लोगों की जमीनें, कारोबार, बाग-बगीचे, खेती, उद्योग, सड़कें सबकुछ पानी में बह गया है। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन संस्था आपदा प्रभावितों की मदद कर रही है और तब तक करेगी जब तक कि मंडी जिला के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का पुनस्र्थापन नहीं हो जाता। नाहन में प्रेसवार्ता के दौरान यह बात संस्था के प्रदेश अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने कही। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था अब तक प्रभावितों को तीन ट्रक राहत सामग्री प्रदान कर चुकी है। संस्था के पदाधिकारियों ने यह राहत राशि खुद मौके पर जाकर दी है। इसमें राशन किट, दवाइयां, गर्म वस्त्र, छाते, तरपाल समेत दूसरी सभी प्रकार की जरूरी सामग्री शामिल है, जिसकी लोगों को जरूरी है। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था मंडी जिला के आपदा प्रभावित लोगों की तब तक मदद करेगी जब तब कि वहां जन जीवन पुन: पटरी पर नहीं लौट जाता, बेशक इसके लिए 10 साल लग जाएं। उन्होंने कहा कि डिमांड के अनुसार राहत सामग्री भेजी जाती रहेगी। पंकज अग्रवाल ने कहा कि आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए मुख्यमंत्री ने वनक्षेत्र के अधीन आने वाली भूमि देने की जो कवायद शुरू की है, उसके लिए संस्थान उनका आभार प्रकट करती है। इस कार्य को मूर्त रूप देने के लिए उनकी संस्था भी हर संभव प्रयास करेगी। इस मौके पर जिला अध्यक्ष योगेश गुप्ता, जिला कार्यकारिणी सदस्य अतुल गुप्ता व सिंगला भी मौजूद रहे।