गणेश चतुर्थी के मौके पर नाहन के हिंदू आश्रम में बुधवार को विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की विशालकाय मूर्ति को स्थापित किया गया। यहां पूरे विधि विधान और पूजा अर्चना के साथ भगवान श्री गणेश की मूर्ति स्थापित की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने श्री गणेश की पूजा की और उनका प्रसाद ग्रहण किया। गौरतलब रहे कि नवयुवक मंडल नाहन की ओर से शहर में भव्य गणेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को सुबह के समय मूर्ति स्थापना से पहले मंगलवार को शहर में भगवान श्री गणेश की भव्य शोभा यात्रा भी निकाली गई थी। नवयुवक मंडल नाहन के प्रधान अमिल अग्रवाल उर्फ बिल्ला व पंकज अग्रवाल ने बताया कि यहां पर भजन संध्याओं का भी आयोजन किया जा रहा है। आयोजन स्थल पर मनोकामना पेटी भी लगाई है, इसमें श्रद्धालु अपने मनोकामनाओं को लेकर पर्ची डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल हिंदू आश्रम में 28 अगस्त को सुबह 11 बजे रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। देर शाम 5 बजे से 10 बजे तक भजन संध्या होगी। इसके बाद 29 अंगस्त को सुबह 11 बजे भगवान गणेश को हिंदू आश्रम से श्री पांवटा साहिब स्थित यमुना जी में मूर्ति को विसर्जित के लिए ले जाया जाएगा। इस मौके पर शहर की परिक्रमा भी होगी। मूर्ति स्थापना के अवसर पर प्रधान अमिल अग्रवाल उर्फ बिल्ला, अजय बंसल, बुद्दी बल्लव, पंकज अग्रवाल, अनिल शर्मा उर्फ टिप्पू, संजीव कश्यप उर्फ चीना, अंशुल अग्रवाल, प्रदीप विज समेत अन्य लोग मौजूद रहे।