सर्द मौसम में आयुर्वेद पद्धति को अपनाकर कई प्रकार के रोगों से बचा जा सकता है। यह कहना है जिला आयुष अधिकारी डॉ इंदु शर्मा का। उन्होंने बताया कि सर्द मौसम में खासकर खांसी, गले में परेशानी और जोड़ों के दर्द की अक्सर शिकायतें सामने आती है। इसके लिए गर्म पानी में हल्दी मिलाकर उसके सेवन से खांसी और गले में आ रही परेशानियों से निजात मिल सकती है। रात को गर्म पानी मे मैथी डालकर सुबह उसका सेवन करने से जोड़ों के दर्द में आराम मिलता है। सर्द मौसम में अक्सर लोग रजाई में दुबक जाते हैं। इसकी बजाए यदि आधा घंटा व्यायाम के लिए निकाला जाए तो वह स्वास्थ्य के लिए बेहद उपयोगी रहता है। डॉ. इंदु शर्मा ने बताया कि बच्चों के बीमारी से बचाव के लिए मीठी सौंफ और अजवाईन को उबालकर उसका घोल बच्चों को पिलाएं।