नाहन के चौगान मैदान में गुरू गोबिंद सिंह जी महाराज के नाहन आगमन की खुशी में आयोजित किया जा रहा आगमन जोड़ मेला रविवार सुबह पूरी तरह से तहस-नहस हो गया। आंधी के साथ आई बारिश ने पूरे मेले को उजाड़ कर रख दिया है। दुकानों के अंदर और मेला क्षेत्र में पानी ही पानी घुसा हुआ है। दुकानों में रखा सामान भी बारिश के पानी से खराब हो गया है। यहां इस मेले में दुकानदार पड़ोसी राज्यों से कमाई की आस में पहुंचे थे। कमाई करना तो दूर उनको लाखों का नुकसान झेलना पड़ रहा है। व्यापारियों ने प्रशासन से मेला अवधि बढ़ाने और दुकानों के किराये में कटौती करने की मांग की है। यूपी, देहरादून, आगरा, अमृतसर, चिकौटी से आए दुकानदारों ने बताया कि वह कमाई की आस में यहां पर आए थे, लेकिन बारिश ने उनको बर्बाद करके रख दिया है।