केंद्र सरकार की कल्याणकारी नीतियों और योजनाओं का प्रचार-प्रसार किसान प्रहरी करेंगे। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर 10-10 किसान प्रहरियों की नियुक्ति की जा रही है। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजीव देष्टा ने यह जानकारी शनिवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। संजीव देष्टा ने कहा कि जिला में किसान मोर्चा की बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रत्येक बूथ स्तर पर जिला, मंडल भाजपा पदाधिकारियों के सहयोग से इन 10 किसान प्रहरियों का नियुक्तियां की जा रही है। यह किसान प्रहरी केंद्र सरकार की योजनाओं और नीतियों का प्रचार प्रसार आम लोगों तक करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों, बागवानों के लिए जो योजनाएं बनाई गई है उनका लाभ ऐसे लोगों को मिले जो उसके असली हकदार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने 150 से अधिक योजनाएं बनाई हैं तो आज धरातल पर हैं। कई बार जानकारी के अभाव में किसानों, बागवानों और मजदूरों को इनका पता नहीं चलता। ऐसे में ये किसान प्रहरी उन लोगों को इन योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार का तीन वर्ष का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। सरकार ने दो रुपये किलोग्राम गोबर, 80 से 100 रुपये दूध खरीदने, युवाओं को पांच लाख नौकरियां, महिलाओं को 1500 रुपये देने की बात कही थी। आज तक एक भी गारंटी पूरी नहीं हुई और सरकार जश्न मनाने की तैयारी कर रही है। जश्न भी इस बात का कि जैसे-तैसे तीन वर्ष बीत गए हैं। इस अवसर पर भाजपा नेता बलदेव भंडारी, रामेश्वर शर्मा, निहाल सिंह, तपेंद्र सिंह, सुरेंद्र हिंदुस्तानी, दिनेश, चंद्रमोहन ठाकुर आदि मौजूद रहे।