भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने जॉब ट्रेनी मामले पर कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को ठगने का एक नया जाल है, नौकरियों का मुद्दा ना उठे इसके लिए यह सरकार के लिए एक साल का जीवनदान है। बिंदल ने सीधा-सीधा कहा कि कांग्रेस सरकार केवल युवाओं को ठगने और शोषित करने का काम करती है। डॉ. बिंदल ने कहा कि लोकतंत्र और जनतंत्र के इतिहास में शायद कांग्रेस जैसी सरकार ना कभी पहले आई और ना आएगी। पहले यह एक फैसला लेती ही नहीं है और जो फैसला लेती है वह जन विरोधी होता है। बिंदल ने कहा कि कांग्रेस की वर्तमान सरकार में केवल मित्रों को नौकरियां दी जा रही है और किसी को भी नौकरी नहीं दी गई है। वन, पशु, चिकित्सक, मुख्यमंत्री मित्रों जैसे शब्द हिमाचल प्रदेश में प्रचलित और प्रसिद्ध है, और ऐसे ही लोगों को नौकरियां देने का काम चल रहा है। हिमाचल प्रदेश की लाइब्रेरी में अनेकों युवा एग्जाम की तैयारी करते हैं पर अगर एग्जाम आते हैं तो वह रद्द हो जाते हैं या उनका परिणाम रुक जाता है। हम याद दिलाना चाहेंगे कि यह वही सरकार है जिन्होंने नौकरी देने वाले संस्थान बंद कर दिए और एक ही अधिसूचना से हिमाचल प्रदेश के 1.50 लाख पदों को समाप्त कर दिया, रोजगार के अवसर एवं साधन भी समाप्त कर दिए। ना आउटसोर्स पॉलिसी बनी ना नौकरी देने का कोई रास्ता खुला।