भारी बारिश ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के भंडारीवाला स्थित इंडो हर्बल एक्सट्रैक्शन उद्योग को जलमग्न कर दिया। बताया जा रहा है कि एक स्थानीय व्यक्ति की ओर से प्राकृतिक बरसाती नाले का रास्ता रोक दिए जाने से बारिश का पूरा पानी उद्योग परिसर में घुस गया। इससे मशीनरी, कच्चे माल और अन्य सामान को भारी नुकसान पहुंचा है। उद्योग प्रबंधन का कहना है कि उन्होंने पहले ही प्रशासन से जल निकासी का रास्ता खुलवाने की मांग की थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को दूसरी बार बाढ़ का पानी उद्योग में घुसने से उत्पादन भी प्रभावित हुआ। उद्यमियों ने प्रशासन से तत्काल अवरोध हटाकर प्राकृतिक जल निकासी बहाल करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।