मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बीच सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में मंगलवार सुबह लोगों को राहत मिली। रातभर लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद सुबह से करीब चार घंटे तक बारिश नहीं हुई। हालांकि आसमान में बादल छाए रहे और मौसम पूरी तरह साफ नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार 20 जुलाई की सुबह शुरू हुई बारिश दिनभर रुक-रुककर जारी रही। शाम को कुछ समय के लिए मौसम शांत हुआ, लेकिन रातभर तेज बारिश का सिलसिला चलता रहा। ऐसे में आशंका जताई जा रही थी कि मंगलवार को भी लगातार बारिश होगी, लेकिन सुबह करीब आठ बजे बारिश थमने से लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश रुकने के बाद लोग आवश्यक कार्यों के लिए घरों से बाहर निकले। बाजारों और सड़कों पर भी सामान्य गतिविधियां धीरे-धीरे शुरू होती दिखाई दीं। बारिश के कारण जिले में दो-तीन स्थानों पर सड़कों पर मलबा आने और आंशिक रूप से यातायात प्रभावित होने की सूचना मिली है। संबंधित विभाग मार्गों को जल्द बहाल करने में जुटे हैं। हालांकि अभी तक जिले में किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने, नदी-नालों से दूर रहने और बिना जरूरी कारण यात्रा नहीं करने की सलाह दी है।