गारेक्षनाथ राजकीय संस्कृत कॉलेज नाहन में मंगलवार से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता शुरू हुई। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 60 कॉलेज के करीब 300 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल को खेल की भावना से खेलने का आह्वान किया। इससे पूर्व उनका कॉलेज में पहुंचने पर कॉलेज प्रबंधन ने फूल मालाओं से स्वागत किया। प्रतियोगिता के आयोजन सचिव नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता महिला व पुरुष वर्ग में आयोजित की जा रही है। इसका समापन 20 नवंबर को मेडिकल कॉलेज नाहन के अतिरिक्त निदेशक कपिल तोमर करेंगे।