सिरमौर जिले के नाहन शहर के चौगान मैदान में महिलाओं और छात्राओं के लिए लंबे समय से महसूस की जा रही एक महत्वपूर्ण जरूरत अब पूरी होने जा रही है। रोटरी संगिनी क्लब नाहन की पहल पर यहां आधुनिक महिला शौचालय का निर्माण शुरू हो गया है, जिससे हजारों महिलाओं, छात्राओं और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल चौगान मैदान में अब तक महिला शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसके कारण बाजार आने वाली महिलाओं, स्कूल-कॉलेज की छात्राओं और विभिन्न आयोजनों में पहुंचने वाली महिलाओं को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था। कई बार उन्हें घंटों तक अपनी प्राकृतिक जरूरतों को टालना पड़ता था, जिससे स्वास्थ्य और सुविधा दोनों प्रभावित होते थे। रोटरी संगिनी क्लब की अध्यक्ष सोना चंदेल ने बताया कि महिलाओं की इस बुनियादी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए क्लब ने शौचालय निर्माण का निर्णय लिया। किसी आयोजन के दौरान महिलाओं की परेशानी देखने के बाद इस परियोजना को प्राथमिकता दी गई। इस परियोजना पर करीब डेढ़ से दो लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। शौचालय में महिलाओं की सुविधा के लिए सेनेटरी नेपकिन डिस्पोजल मशीन भी लगाई जाएगी। साथ ही इसकी नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए एक सफाई कर्मी भी तैनात किया जाएगा, ताकि सुविधा लंबे समय तक व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके। सोना चंदेल ने कहा कि निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और आने वाले कुछ दिनों में यह आधुनिक महिला शौचालय लोगों के उपयोग के लिए तैयार हो जाएगा।