नगर परिषद नाहन ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से सड़क किनारे वर्षों से जमा पड़े मलबे और कूड़े को हटाने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत शनिवार को नगर परिषद की टीम जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर ट्रालियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची और सड़कों के किनारे पड़े मलबे के ढेर हटाए गए। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान स्वयं अधिकारियों के साथ सड़कों पर उतरीं और मौके पर मौजूद रहकर पूरे अभियान की निगरानी करती रहीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के मुख्य मार्गों, नालों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास फैले मलबे को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उपना धीमान ने कहा कि नगर परिषद नाहन प्रदेश की सबसे पुरानी नगर परिषदों में से एक है और यह शहर कभी अपनी स्वच्छता और सुंदरता के लिए जाना जाता था, लेकिन पिछले कुछ समय में सड़क किनारे मलबा फेंकने, कूड़ा जमा करने और अतिक्रमण जैसी समस्याओं के कारण शहर की व्यवस्था प्रभावित हुई है। इसी को देखते हुए व्यापक स्तर पर यह अभियान शुरू किया गया है।