फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirmaur : नितिन चौहान बोले- किसी के खिलाफ मोर्चा नहीं, अपनी मजबूत जमीन तैयार करेगी लोजपा

लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) हिमाचल प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की तैयारी में है। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नितिन चौहान ने सोमवार को नाहन में पत्रकारवार्ता के दौरान कहा कि लोजपा किसी राजनीतिक दल के खिलाफ मोर्चा खोलने के लिए नहीं, बल्कि अपनी मजबूत राजनीतिक जमीन तैयार करने के उद्देश्य से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में रोजगार के अवसर केवल सरकारी नौकरियों के जरिए पैदा नहीं किए जा सकते। इसके लिए प्रदेश की स्थानीय अर्थव्यवस्था और प्राकृतिक संसाधनों को रोजगार से जोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल का युवा पढ़ा-लिखा, प्रतिभाशाली और मेहनती है, लेकिन उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती रोजगार की है। नितिन चौहान ने कहा कि हिमाचल में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। इसके लिए सरकार को ऐसी नीतियां तैयार करनी होंगी, जिनसे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हो और युवाओं को अपने प्रदेश में ही रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि वह युवाओं के साथ-साथ किसानों, कर्मचारियों, व्यापारियों और समाज के अन्य वर्गों की आवाज को भी मजबूती से उठाएंगे। पार्टी का प्रयास हिमाचल में लोजपा को एक मजबूत और विश्वसनीय राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करना है। औद्योगिक विकास पर प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सिरमौर सहित हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्रों के लिए ऐसी नीतियों की जरूरत है, जिनसे उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ें। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास का वास्तविक लाभ तभी माना जा सकता है, जब इससे स्थानीय लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो और क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिले। पार्टी आने वाले समय में इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। नितिन चौहान ने लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। वह इस दायित्व को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय सदानंद चौहान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता वर्ष 2003 में लोक जनशक्ति पार्टी के विधायक रहे और उन्होंने हमेशा जनसेवा को प्राथमिकता दी। उनके आदर्श और जनता की सेवा की भावना आज भी उनके लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। नितिन चौहान ने कहा कि लोजपा अपनी राजनीतिक पहचान और संगठनात्मक ताकत के साथ हिमाचल में आगे बढ़ेगी तथा जनहित के मुद्दों को लेकर समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर काम करेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें