बरसात के मौसम में भी लोगों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल समस्या को लेकर ग्राम पंचायत नाहन के ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को उपायुक्त सिरमौर से मिला और ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की गुहार लगाई। प्रतिनिधिमंडल में ग्राम पंचायत नाहन के उप प्रधान जय प्रकाश सहित ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत नाहन के ग्रामीण इलाकों में लगातार बरसात में पेयजल संकट गहरा रहा है। क्षेत्र के 10 से 12 गांव के सैकड़ों ग्रामीण दूर-दराज से पानी ढोने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर विभाग को अवगत करवाया गया है लेकिन कोई समाधान न होने के चलते मजबूरन उपायुक्त सिरमौर के संज्ञान में समस्या लाई गई है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में पेयजल सप्लाई नहीं हो रही है। लोगों को बावड़ियों व प्राकृतिक पेयजल स्रोतों से पानी ढोने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में पेयजल किल्लत लोगों के लिए मुसीबत बनी है और लोग इधर-उधर से पानी ढो रहे हैं। बरसात के दिनों में यहां वहां से पानी लेने के चलते बीमारियां फैलने का भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में चुडन, धारक्यारी, जलापड़ी समेत गिरी पेयजल योजना से सप्लाई होती थी, लेकिन इन दिनों यह सभी योजनाएं बंद की गई हैं। जिस कारण पिछले काफी दिनों से क्षेत्र में पेयजल संकट बना है। ग्रामीणों ने उपायुक्त सिरमौर से गुहार लगाई कि जल्द समस्या का समाधान करवाया जाए। उधर, उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने बताया कि पेयजल समस्या को लेकर प्रतिनिधिमंडल मिला है। मामले में संबधित विभाग को समस्या के समाधान को लेकर निर्देश दिए जा रहे हैं।