ग्राम पंचायत मोगीनंद के लिए जल शक्ति विभाग की योजना की मोटर (पंप सेट) जलने से लोगों को भीषण गर्मी के दौरान जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। नल में पानी नहीं है और जो यहां हैंडपंप लगा है वह भी लंबे समय से खराब पड़ा है। आलम यह है कि प्यास बुझाने के लिए इधर-उधर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। समस्या को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल नाहन में जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता देवानंद पुंडीर से मिला। पूर्व पंचायत प्रधान राजेश कुमार सहित ग्रामीणों टेक चंद, सोहन लाल, विक्की, श्याम कुमार आदि ने बताया कि ग्राम पंचायत मोगीनंद में कई दिनों से पेयजल संकट गहराया है। उन्होंने बताया कि हर बार गर्मियों के मौसम में यहां पानी की समस्या बढ़ जाती है। गांव के लिए जो योजना विभाग ने बनाई है, उसकी मोटर जल जाती है। बीते वर्ष भी मोटर कई बार जली। ऐसे में विभाग इस मोटर की मरम्मत करवाता है। इसमें कई-कई दिनों का समय लग जाता है। इस दौरान लोगों को समस्या का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग उठाई कि यहां समस्या को देखते हुए दो मोटरें इस योजना में उपलब्ध करवाई जाएं। यदि एक मोटर खराब होती है तो दूसरी मोटर से योजना को सुचारू रखा जा सके। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र होने के चलते यहां ग्रामीणों के साथ-साथ किरायेदारों की संख्या भी काफी है। ऐसे में पेयजल संकट का सामना बड़े स्तर पर लोगों को करना पड़ रहा है। उधर, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता देवानंद पुंडीर ने बताया कि ग्राम पंचायत मोगीनन्द के स्थानीय लोगों ने पेयजल समस्या से अवगत करवाया है। उन्होंने बताया की समस्या संज्ञान में है। संबंधित कर्मचारियों को जल्द से जल्द समाधान करने के भी निर्देश जारी कर दिए हैं। योजना के लिए अतिरिक्त पंप सेट उपलब्ध करवाने को लेकर भी कहा गया है।