जिला सिरमौर में 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 61,181 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय कार्यबल की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने की। उपायुक्त ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिलेभर में 538 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए 2152 बूथ सदस्यों की तैनाती की गई है, जबकि चार मोबाइल टीमें भी सक्रिय रहेंगी। उन्होंने कहा कि 28 जून को यदि कोई बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित रह जाता है तो 29 और 30 जून को घर-घर जाकर उसे दवा पिलाई जाएगी, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।