बाबा साहेब पर आपत्तिजनक बयानबाजी पर अमित शाह के खिलाफ कांग्रेस ने निकाली रोष रैली
-उपायुक्त की मार्फत राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से डॉ. भीमराव आंबेडकर पर आपत्तिजनक बयानबाजी के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस ने शहर में रोष रैली निकाली। इस दौरान केंद्रीय मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई तथा उपायुक्त की मार्फत एक ज्ञापन देश के राष्ट्रपति को भेजा गया।
जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुई रैली शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए उपायुक्त सिरमौर कार्यालय तक पहुंची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा उन्हें पद से इस्तीफा देने की मांग भी उठाई।
कांग्रेस प्रवक्ता रूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि केंद्रीय मंत्री को इस प्रकार की बयानबाजी शोभा नहीं देती। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता पर असभ्य टिप्पणी पर देशभर में रोष प्रकट किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आज बेरोजगारी, महंगाई, किसानों व महिलाओं आदि से जुडे मुद्दों को छुपाने के लिए इस प्रकार की राजनीति कर रही है और विपक्ष को सदन में बैठने देना नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि जब तक अमित शाह अपने बयान को लेकर माफी नहीं मांगेंगे विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, ज्ञान चंद, युवा नेता जयदीप शर्मा आदि मौजूद रहे।