पद्म छात्र राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर में आयोजित खेलों में छात्र खिलाड़ियों ने खूब दमखम दिखाया। जिला स्तरीय अंडर-19 वर्ग खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन काफी रोमांचकारी मुकाबले खेले गए। तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ी बॉक्सिंग, बैडमिंटन, जूडो, रेसलिंग, वेटलिफ्टिंग, योगा सहित अन्य प्रतियोगिताओं में दमखम दिखा रहे हैं। बॉक्सिंग प्रतियोगिता के 46 किलोग्राम भार वर्ग में रामपुर के अग्रिम ने ज्यूरी के प्रशांत को शिकस्त दी। 49 से 52 किलोग्राम में रोहड़ू के अक्षित ने रामपुर के पीयूष को हराया। 52 से 56 किलोग्राम भार वर्ग में नोगली के गुलशन ने छोटा शिमला के रोनी को मात दी। 56 से 60 किलोग्राम भार वर्ग में रामपुर के विकास ने संधू के संजू को शिकस्त दी। रोहड़ू के सूर्यांश ने रामपुर के कृष, रोहड़ू के सुबोध का पंच रामपुर के सौरभ पर भारी पड़ी। वहीं बैडमिंटन प्रतियोगिता में भी काफी रोमांचकारी मुकाबले खेले गए। आज प्रतियोगिता का समापन होगा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करेंगे।