कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाली नगर परिषद में भाजपा ने पहली बार कब्जा किया है। सोमवार को नप के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया आयोजित हुई, जिसमें भाजपा ने एकतरफा जीत दर्ज करवाई। चुनाव प्रक्रिया में कांग्रेस विधायक नंद लाल सहित नौ वार्डों से आए पार्षदों ने भाग लिया और भाजपा के पाले में 10 में से 6 वोट पड़े। चुनावी नतीजों के बाद भाजपा समर्थित करण शर्मा को अध्यक्ष और रोहित नेगी को उपाध्यक्ष चुना गया है। अध्यक्ष उपाध्यक्ष चुनाव के बाद भाजपा ने रामपुर शहर में विजय रैली निकाली। नगर परिषद कार्यालय से शुरू हुई यह रैली मुख्य बाजार पहुंची। यहां भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों की थाप पर खूब नाटी लगाई। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने इस रैली में भाग लिया। जीत की खुशी में कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष करण शर्मा, भाजपा नेता कौल सिंह नेगी को कंधों पर उठाकर जश्र मनाया। जीत के इस ऐतिहासिक पल के दौरान चौपाल विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलवीर वर्मा, महासू जिलाध्यक्ष अरुण फाल्टा सहित कई बड़े नेता शामिल हुए। विधायक बलवीर वर्मा ने कहा कि कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाली नगर परिषद रामपुर में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस जीत का श्रेय उन्होंने भाजपा नेता कौल सिंह नेगी को दिया है। आजादी के बाद पहली बार भाजपा ने नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद हासिल किए हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष उपाध्यक्ष और कौल सिंह नेगी को बधाई दी। भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने कहा कि रामपुर के सभी लोगों के विश्वास की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा रामपुर को सुंदर, स्वच्छ और विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए कार्य करेगी।