फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahr: गानवी में उप तहसील और रामपुर में मल्टीलेवल पार्किंग जल्द बनेगी, विधायक नंद लाल ने दिए सख्त निर्देश

रामपुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की घोषणाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों को सभी आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल ने मंगलवार को पंचायत समिति सभागार रामपुर में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान लंबित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में गानवी में उप तहसील की स्थापना, रामपुर में बहुमंजिला पार्किंग, ननखड़ी बस अड्डा निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित जनहित की योजनाओं में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग तय समय सीमा के भीतर कार्यों को आगे बढ़ाएं। समीक्षा बैठक में देलठ-नागाधार सड़क, जबला-खलेड़ा सड़क, ननखड़ी महाविद्यालय भवन, रामपुर के सफेद ढांक और खोपड़ी क्षेत्र में रॉकफॉल सुरक्षा कार्य, राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर सड़क संकेतक लगाने, विद्युत ट्रांसफार्मर और स्मार्ट मीटर स्थापना, नगर परिषद क्षेत्र में बंदरों की समस्या, खनेरी अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट, आईटीआई खड़ाहण के पास पैदल पुल, कुंगल बाल्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, आयुर्वेदिक अस्पताल में रिक्त पद, किन्नू पंचायत में नाले के सौंदर्यीकरण तथा नगर परिषद के वार्ड-दो में स्ट्रीट लाइट और पैदल मार्ग सुधार जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। नंद लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में वन स्वीकृति, बजट अथवा अन्य प्रशासनिक औपचारिकताओं के कारण देरी हो रही है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए और प्रत्येक विभाग नियमित समीक्षा कर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करे। बैठक का संचालन एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने किया। उन्होंने विधायक को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का संबंधित विभागों के माध्यम से प्रभावी और समयबद्ध पालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाएगी ताकि जनता को उनका लाभ जल्द मिल सके।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें