उपमंडल रामपुर की डंसा पंचायत के दो लोगों ने सनेई गांव के सैकड़ों ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ा दी है। दोनों ने सडक़ के दोनों ओर बेतरतीब खुदाई कर सड़क को अवरुद्ध कर दिया है। अब ग्रामीणों को यातायात सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। रोषजदा सनेई गांव के ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थाई समाधान कर ग्रामीणों को यातायात सुविधा मुहैया करवाने की मांग उठाई है। हालांकि ग्रामीणों की मांग के बाद प्रशासन ने सडक़ के मसले को सुलझाने के लिए मौके पर लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों को भेजा है। रामपुर विकास खंड की डंसा पंचायता के सनेई गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह से मुलाकात की। ग्रामीणों और महिलाओं ने उन्हें अपनी समस्याओं से जुड़ा ज्ञापन सौंपा और राहत की गुहार लगाई। एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि सनेई गांव को मुख्य सडक़ से जोडऩे वाली सडक़ पर जगूणी गांव में दो लोगों ने खुदाई कर सडक़ को बाधित कर दिया है। सडक़ बंद होने के कारण अब सैकड़ों ग्रामीणाओं को आवाजाही करने में परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। सडक़ अवरुद्ध होने से स्कूली बच्चों, मरीजों और ग्रामीणों को आने जाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। गांव से रोजाना करीब 300 लीटर दूध रामपुर शहर और दुग्ध प्रसंस्करण केंद्र पहुंचाना मुश्किल हो गया है। आने वाले समय में ग्रामीणों की नकदी फसलें मटर और सेब की फसल भी किसान बागवानों का मंडी पहुंचाना मुश्किल हो जाएगी। दो लोगों की कारस्तानी से सैकड़ों ग्रामीण परेशानियों से दो चार हो रहे हैं, जबकि सडक़ पर परिवहन निगम की बस भी नहीं चल रही, जिस कारण ग्रामीणों को रोजाना आवाजाही करने में परेशानियां पेश आ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से तुरंत इस मामले में संज्ञान लेते हुए सडक़ में हुए अवरोध को तुरंत हटाने और भविष्य में ऐसी स्थिति न बने इसको लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई है। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को सुनते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और राजस्व विभाग के पटवारी को मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने और सडक़ बहाली के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर जगदीश हुडन, ईश्वर सिंह, मनी लाल, महेंद्र ठाकुर, गुरजीत, मेहर सिंह, कतला देवी, कलम सिंह, कामराज हुडन, रोशनी देवी, सुनीता, धीरज, प्रताप सिंह, संसार दास, मोहन सिंह, तिलक राज, सुजाता, कमला नेगी, सुषमा सहित अन्य मौजूद रहे।