नए बस अड्डा रामपुर में वीरवार को निरीक्षण टीम ने निजी स्कूल की बसों का औचक निरीक्षण किया। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने चालकों के लाइसेंस, बसों के कैमरे, जीपीएस प्रणाली और अग्निशमन यंत्र सहित छात्रों की सुरक्षा को लेकर एहतियातन अन्य जरूरी कागजों की जांच पड़ताल की। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रामपुर उमेश ठाकुर की अध्यक्षता में निरीक्षण टीम ने 20 निजी स्कूल बसों का निरीक्षण किया। आरटीओ कार्यालय रामपुर के अधीक्षक जसपाल नेगी ने कहा कि रामपुर में स्कूल बसों के निरीक्षण के लिए एक टीम गठित की गई है। निरीक्षण टीम में पुलिस प्रशासन से होशियार सिंह, शिक्षा विभाग से जियालाल और सहित अन्य मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि टीम ने डीएवी स्कूल रामपुर, डीएवी स्कूल दत्तनगर, सनशाइन पब्लिक स्कूल रामपुर, कमला मेमोरियल स्कूल रामपुर और आर्य पब्लिक स्कूल खनेरी सहित अन्य स्कूलों की बसों का निरीक्षण किया। कहा कि जांच के दौरान अधिकतर स्कूल बसों में कोई गंभीर कमी नहीं पाई गई। बसों में सीटिंग व्यवस्था, आपातकालीन निकास द्वार, फर्स्ट एड बॉक्स, सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस प्रणाली, फिटनेस, परमिट और अग्निशमन यंत्र सहित अन्य व्यवस्थाएं सामान्य पाई गई। अधिकांश बसें सुरक्षा मानकों पर खरी उतरी हैं और किसी भी प्रकार की बड़ी शिकायत सामने नहीं आई है। कहा कि स्कूल प्रबंधन और चालकों को विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए। कोताही बरतने पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।