राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्यूरी में मंगलवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें झाकड़ी थाना प्रभारी सुनील दत्त नेगी ने विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियम की जानकारी दी। साथ ही अपील की बच्चे हर प्रकार के नशे से दूर रहें। थाना प्रभारी सुनील दत्त नेगी ने कहा कि अनजान लोगों से लिफ्ट न ले। यह आपको मुसीबत में फंसा सकता है। यदि कोई शिक्षण संस्थान के पास तंबाकू पदार्थ बेचता है, तो इसकी स्कूल प्रबंधन या पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि सबसे पहले नशे की शुरुआत बीड़ी सिगरेट से होती है। फिर धीरे धीरे इसका स्तर बढ़ता ही रहता है। इसलिए हर प्रकार के नशे को न कहें। उन्होंने बताया कि चिट्टा नशा कर लिया तो उसकी लत लगनी ही है। इसलिए इससे दूर रहें। इस नशे के सौदागरों के निशाने शिक्षण संस्थान के बच्चे रहते। इनके अलावा आरक्षी आशिमा ठाकुर ने महिला शक्तिकरण और आरक्षी दीपक कुमार ने साइबर क्राइम पर जागरूक किया। इससे पहले प्रधानाचार्य पदम बिष्ट ने थाना प्रभारी सुनील दत्त नेगी को स्मृति चिन्ह देर सम्मानित किया। मंच संचालन प्रवक्ता सिकंदर बंसल ने किया।