स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की रामपुर इकाई ने बुधवार को विद्यार्थियों की विभिन्न शैक्षणिक मांगों को लेकर हिमाचल प्रदेश उच्च शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंपा। इकाई ने महाविद्यालय में एमएससी भौतिक विज्ञान की प्रवेश प्रक्रिया बहाल करने, कंप्यूटर साइंस के अध्यापक सहित सभी रिक्त प्राध्यापक पदों को भरने और लाइब्रेरियन का अतिरिक्त पद सृजित करने की मांग उठाई। एससफआई उपाध्यक्ष डिंपल ने कहा कि एमएससी भौतिक विज्ञान में प्रवेश प्रक्रिया बहाल न होने से उच्च शिक्षा हासिल करने के इच्छुक विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महाविद्यालय में अध्यापकों के पद रिक्त होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। ऐसे में शिक्षा विभाग को इन समस्याओं का जल्द समाधान करना चाहिए। एसएफआई की सहसचिव अंकिता ने कहा कि महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सभी रिक्त अध्यापक पदों को भरना जरूरी है। उन्होंने पुस्तकालय में विद्यार्थियों की जरूरतों को देखते हुए लाइब्रेरियन का एक अतिरिक्त पद सृजित कर नियुक्ति करने की मांग उठाई। एसएफआई रामपुर इकाई ने शिक्षा विभाग से विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग उठाई। जिससे महाविद्यालय की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहायता मिल सके।