भाजपा के लोग हिमाचल के हितों की रक्षा करना नहीं जानते हैं। हिमाचल के मुद्दे नहीं उठाना जानते, लेकिन पारिवारिक मुद्दों पर दाल बनाकर राजनीति की रोटियां सेंकना चाहते हैं, जो बिल्कुल निंदनीय है और हिमाचल हित के लिए सही नहीं है। बागवानी मंत्री जगत नेगी ईमानदार छवि के नेता हैं। यह बात शनिवार को प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव प्रताप नेगी ने कही। प्रताप नेगी ने भाजपा नेता सूरत नेगी पर तंज कसते हुए कहा कि सूरत नेगी को कानून का ज्ञान नहीं है। उन्हें कानून की प्रक्रिया का भी ज्ञान नहीं है। उन्हें दोबारा फिर से कोर्ट में अभ्यास शुरू करना चाहिए। कहा कि जब तक याचिका न्यायालय में प्रूफ नहीं हो जाती है, तब तक मामले को लेकर कोई बात नहीं करनी चाहिए। कहा कि बागवानी मंत्री जगत नेगी ने भाजपा के आरएसएस की टिप्पणी जो फेक्ट के साथ विधानसभा में रखी, उससे ऐसा लग रहा है, जैसे भाजपा नेता को सांप सूंघ गया हो। प्रताप नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री भी कहते हैं कि बागवानी मंत्री फेक्ट के साथ बात रखते हैं और काबिल नेता हैं। भाजपा को इससे मिर्ची लग जाती है और भाजपा के नेता तिलमिला रहे हैं।