फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahr: खस्ताहाल बसों और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की उठी मांग, खनेरी अस्पताल पहुंचे मंत्री विक्रमादित्य सिंह

Ankesh Dogra Updated Fri, 17 Jul 2026 01:35 PM IST

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को खनेरी अस्पताल पहुंचकर ननखड़ी के गरटोला क्षेत्र में हुए बस हादसे के घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीन लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। अस्पताल में मौजूद घायलों, तीमारदारों और ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित हिमाचल पथ परिवहन निगम की पुरानी और जर्जर बसों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि कई ग्रामीण रूटों पर पुरानी बसें चल रही हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। उन्होंने रामपुर डिपो के लिए नई बसें उपलब्ध कराने की मांग की। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि बसों की खराब स्थिति के कारण रोजाना स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और आम यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनका मानना है कि नई और सुरक्षित बसें उपलब्ध होने से भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने लोगों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि वह इस विषय पर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि रामपुर क्षेत्र के लिए नई, विशेषकर इलेक्ट्रिक बसों की उपलब्धता का मामला संबंधित विभाग के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। इस दौरान अस्पताल पहुंचे तीमारदारों ने स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी अपनी समस्याएं साझा कीं। उन्होंने अस्पताल में संसाधनों और सुविधाओं को और मजबूत करने की मांग की, ताकि दुर्घटना या अन्य आपात स्थितियों में मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके। मंत्री ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए और सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। इस अवसर पर नायब तहसीलदार रामपुर सुरेश नेगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें