बैहना पंचायत में चिट्टे की ओवरडोज से युवक की मौत से क्षेत्र के लोगों ने शुक्रवार को आनी के प्रवेश द्वार लूहरी में एक आक्रोश रैली निकाली गई। जिसमें राजनीतिक, समाजिक, महिला मंडलों आदि सैंकड़ों लोगों ने एक साथ सड़क पर उतरकर चिट्टे के तस्करों के खिलाफ हल्ला बोला। इसी दौरान सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गई। लोगों ने चिट्टे के तस्करों और नशे के खात्मे के लिए सरकार से विशेष कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई और भविष्य में फिर ऐसी घटना पेश न आए इसके लिए मिलकर आगे आने का आह्वान किया। वहीं, लोगों ने इस दौरान करीब ढाई घंटे का जाम रखा। जबकि व्यापारियों ने भी दुकानें बंद कर विरोध प्रदर्शन में भाग लिया। जाम सुबह 11 बजकर दस मिनट से दोपहर 1 बजकर 40 मिनट तक जाम रहा। इस दौरान विधायक लोकेंद्र कुमार रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वे दो सालों से लगातार अभिभावकों को सचेत करते आ रहे हैं कि अपने बच्चों पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सभी को मिलकर आगे आना होगा, जो नशे के सौदागर हैं उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस विषय तीन फरवरी को शिमला में आयोजित होने वाली विधायक प्राथमिकता की बैठक में मुद्दा उठाएंगे। वहीं, पूर्व विधायक एवं कॉमरेड नेता राकेश सिंघा ने जहां भी दो जिलाओं या क्षेत्र की सीमाएं मिलती हैं वहां इस तरह की गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है, जिसपर सभी को जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है, कोई नशा करता हुआ या बेचता हुआ पाया जाता है तो इसकी शिकायत पुलिस प्रशासन को दें। स्थानीय पंचायत प्रधान विनोद ठाकुर ने कहा कि नशे से युवा वर्ग बर्बादी की ओर जा रहा है। जिसके लिए सभी अभिभावकों को विशेष नजर रखने की जरूरत है।