हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की मौत के मामले को सीबीआई को सौंपने की मांग को लेकर जिला किन्नौर में उनके परिवार, किन्नौर भाजपा और पंचायतों से आए लोगों ने रिकांगपिओ में देर शाम 5:00 बजे कैंडल मार्च निकाला। इससे पहले लामाओं ने मंत्रोचारण करके नेगी को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके परिवार और अन्य लोगों ने विमल नेगी की मौत की सीबीआई जांच की मांग की। इस दौरान किन्नौर के विभिन्न क्षेत्रों से लोगों ने शांतिपूर्व कैंडल मार्च के माध्यम से विमल नेगी अमर रहे के नारे लगाए और नेगी को इंसाफ देने की मांग की गई। इस मौके पर दिवंगत विमल नेगी की पत्नी और उनके भाई ने सहायक आयुक्त किन्नौर के माध्यम से सीबीआई जांच करने के लिए राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। इस मौके पर चौपाल के विधायक बलवीर वर्मा, पूर्व वन निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।