रामपुर बुशहर। जिला स्तरीय नोगली मेले में ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग खूब झूमे। ऐतिहासिक मेले के दूसरे दिन हजारों लोगों ने शिरकत की और मेले का लुत्फ उठाया। मेले में वाद्य यंत्रों की धुनों पर दिनभर नाटियों का दौर चला। देर शाम तक मेला मैदान में लोग झूमते रहे। आराध्य देवता नरेशर लक्ष्मी नारायण कुमसू के सानिध्य में आयोजित मेले में देव आस्था में लीन होकर देवलू और अन्य लोग नाचते गाते दिखे। मेला मैदान में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और पुरूषों ने नाटी डाली। देवता संग देवलू और अन्य श्रद्धालु नोगली में एनएच पांच से होकर नाचते-गाते हुए मेला मैदान पहुंचे। देवताओं और कार-करिंदों ने भी वाद्य यंत्रों की धुनों के साथ जमकर नृत्य किया। नोगली मेले में दूर-दूर से हजारों लोग पहुंचे और मेले का आनंद लिया। मेले के दौरान लोगों ने देवताओं के समक्ष माथा टेककर सुख-शांति और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके अलावा मेले में सजी दुकानों में भी अच्छी खासी भीड़ उमड़ी। इससे व्यापारियों के भी चेहरे खिल उठे।