परशुराम मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर सातवें वित्त आयोग एवं लाडा के अध्यक्ष, विधायक नंद लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। पहले दिन स्कूली छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। लोक नृत्य स्पर्धा में महिला मंडल पशाडा ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। महिला मंडल सनेई की टीम उपविजेता रही। रस्साकशी प्रतियोगिता में महिला मंडल पशाडा ने जगूनी को हरा कर बाजी मारी। मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर लोगों को प्रदेश सरकार की ओर से चलाई रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। डंसा पंचायत प्रधान देश कुमार ने मुख्य अतिथि के समक्ष क्षेत्र की समस्याओं रखी और शीघ्र समाधान की मांग उठाई। इसके अलावा मंदिर समिति प्रधान खेल चंद नेगी ने परशुराम बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन को पूरा करवाने के लिए धनराशि स्वीकृति प्रदान करने की मांग उठाई। महिला मंडल सनेई ने भी मुख्य अतिथि के समक्ष अपनी मांग प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि ने सहानुभूति पूर्वक उक्त मांगों को समय रहते पूर्ण कराने का आश्वासन भी दिया। उन्हाेंने कार्यक्रम में प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।