अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर किन्नौर के रिकांगपिओ स्थित बचत भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विकास के हर क्षेत्र में महिलाएं महत्वपूर्ण योगदान प्रदान कर रही हैं। सबसे अहम आत्म विश्वास है, जिसके लिए उन्होंने महिलाओं को उनमें आत्म विश्वास बनाए रखने को कहा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर ने कहा कि महिलाओं का जीवन कठिन व चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने सभी महिलाओं से एक-दूसरे का हाथ थामने व साथ देने का प्रण लेने को कहा। डॉ. स्वाति नेगी ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। महिला हेड कांस्टेबल शुभकांता ने महिलाओं के संरक्षण से संबंधित कानूनों व अधिनियमों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर समाज को नई राह दिखाने वाली महिलाओं व बेटियों को भी स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की ओर से शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। इससे पूर्व किन्नौर जिला के रामलीला मैदान से दोनालू तक महिलाओं ने एक जागरुकता रैली निकाली, जिसे उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने हरी झंडी दिखाई।