शिंगला पंचायत के गुफा मंदिर में गुरुवार को योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि और सातवें वित्त आयोग अध्यक्ष एवं विधायक नंद लाल ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। ग्रामीणों ने मुख्यातिथि का स्वागत फूल मालाओं और पारंपरिक वाद्य यंत्र के साथ किया। मुख्य अतिथि ने गुफा में पूजा कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मंत्री ने उपस्थित लोगों के साथ योग भी किया। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शिंगला के गुफा मंदिर को मूलभूत सुविधाएं देने में लोक निर्माण विभाग अपना पूरा योगदान देगा। मंदिर को जाने वाली सड़क का विस्तारीकरण करने के लिए योजना बनाई जाएगी। पानी की समस्या को भी दूर किया जाएगा। उन्होंने योग शिविर की सराहना की। कहा कि योग से शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूती मिलती है। इस मौके मंदिर के संस्थापक प्रेम सिंह महाराज के शिष्यों ने हरिओम और चैतन्य हर्षवर्धन ने योग पर प्रवचन दिए। उन्होंने लोगों को योग के महत्व बारे विस्तृत जानकारी दी। राधारानी ने मुख्य अतिथि और अन्य लोगों को योग प्रशिक्षण दिया। इस मौके में चारु चैतन्य महाराज, जिला परिषद सदस्य विमला, सतीश शर्मा, पूर्व अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस, विभिन्न विभाग के अधिकारी और महिला मंडल की महिलाओं सहित अन्य उपस्थित रहे।