राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झाकड़ी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सनारसा में गुरुवार को एक दिवसीय आपदा सुरक्षा जागरूकता शिविर का आयोजन किया। शिविर का आयोजन डूअर्स मानवतावादी संगठन ने किया। डूअर्स मानवतावादी संगठन ने विद्यार्थियों को विभिन्न आपदाओं से बचने के उपायों बारे में विस्तृत जानकारी दी। संगठन की अधिकारी अनुराधा, सहयोगी प्रियंका और श्वेता ने छात्राओं को आपदा बचाव के विभिन्न उपायों का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में छात्राओं ने पट्टी बांधना, घायल व्यक्ति की सहायता, बेहोशी की स्थिति में प्राथमिक उपचार और आपातकालीन परिदृश्यों का अभ्यास किया। अनुराधा ने कहा कि आपदा सुरक्षा शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा से बचाव को लेकर जागरूक करना है। शिविर में विद्यार्थियों को भूकंप, किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव, बेहोशी की हालत में सीपीआर देना, विभिन्न आपदाओं और आपातकालीन समय फर्स्ट एड देने के विभिन्न तरीकों के बारे जागरूक किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के भूकंप, भूस्खलन, आग और चरम मौसम सहित अन्य आपदाओं के प्रति संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जो जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के कारण और अधिक गंभीर होती जा रही हैं। विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा की स्थिति में सुरक्षित प्रतिक्रिया, प्राथमिक उपचार, सीपीआर तकनीक, आपातकाल से पहले, दौरान और बाद में उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों के बारे जागरूक किया।