अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में कारोबार करने के लिए प्रशासन द्वारा एक सप्ताह का समय देने पर रामपुर के व्यापारियों ने रोष जताया है। इसी कड़ी में मंगलवार को सर्वहितकारी व्यापार मंडल रामपुर के पदाधिकारियों ने एसडीएम निशांत तोमर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने लवी मेला मैदान में सजे स्टॉलों को बंद करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि पहली बार लवी मेला मैदान में इतने लंबे समय तक दुकानें सजी हुई हैं। इसके कारण स्थानीय व्यापारियों को काफी नुकसान हो रहा है। स्थानीय व्यापारियों ने तुरंत लवी मैदान खाली करने की मांग रखी है। वहीं चेताया है कि यदि प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उधर, एसडीएम रामपुर निशांत तोमर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेला मैदान में लगे स्टॉलों को हटाने के लिए व्यापार मंडल रामपुर ने ज्ञापन सौंपा है। उनकी मांगों को देखते हुए पुलिस प्रशासन और नगर परिषद को निर्देश दिए जाएंगे कि पाटबंगला मैदान में सजी दुकानों को समय से हटाया जाएगा।