नगर परिषद रामपुर के बाद ननखड़ी पंचायत समिति पर भी भाजपा ने अपना कब्जा जमाया है। मंगलवार को पंस के लिए हुई चुनावी प्रक्रिया के बाद कांता खूंद को अध्यक्ष और अमर सिंह काल्टा को उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। जीत के बाद ननखड़ी तहसील मुख्यालय में भाजपा ने विजय जुलूस निकालकर जीत की खुशी मनाई। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जश्न के रूप में निकाली गई विजयी रैली में भाग लिया। ननखड़ी पंचायत समिति के 15 वार्डों से सदस्य पद के चुनावी नतीजे आने के बाद मंगलवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया आयोजित हुई। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी पंचायत समिति वार्डों से चुनकर आए सदस्यों ने अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई। अध्यक्ष पद के लिए अड्डू वार्ड से भाजपा समर्थित कांता खूंद और थाना ननखड़ी वार्ड से कांग्रेस समर्थित सुशीला देवी ने नामांकन भरे। कुल 15 सदस्यों में से कांता खूंद को 9 और सुशीला देवी को 6 सदस्यों का समर्थन प्राप्त हुआ। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए शोली वार्ड से भाजपा समर्थित अमर सिंह काल्टा और गाहन वार्ड से कांग्रेस समर्थित राम लाल ने नामांकन किया। चुनावी नतीजों के अनुसार अमर सिंह को 8 और राम लाल को 7 मत प्राप्त हुए। ऐसे में भाजपा समर्थित कांता देवी और अमर सिंह काल्टा को उपाध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई। चुनाव के बाद एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने नव निर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और पदभार मिलने पर बधाई दी। पंचायत समिति ननखड़ी में भाजपा समर्थित अध्यक्ष उपाध्यक्ष की अगुवाई में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला। तहसील मुख्यालय से लेकर ननखड़ी चौक तक कार्यकर्ताओं ने विजयी रैली निकाली। यहां भाजपा नेता कौल सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों की थाप पर नाटी लगाई।