प्रदेश में बढ़ती चिट्टे की नशाखोरी के विरोध में प्रदेश सरकार विशेष जागरूकता अभियान चला रही है। इसी के तहत बुधवार को रिकांगपिओ में एंटी चिट्टा वॉकथॉन का आयोजन किया गया। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने आईटीबीपी मैदान से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैदान से शुरू होकर यह रैली पीएनबी बैंक तक निकाली गई। वॉकथॉन में जिले के विभिन्न स्कूलों, शिक्षण संस्थानों, विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और आम लोगों ने भाग लिया। कैबिनेट मंत्री ने सर्वप्रथम उपस्थित लोगों को चिट्टा मुक्त हिमाचल की शपथ दिलाई।