बीते 16 अगस्त को कैहनवाल पंचायत के बायर गांव के दो पूर्व सैनिकों के साथ क्रशर मालिक द्वारा की गई मारपीट का मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर अब कैहनवाल के ग्रामीण भी पूर्व सैनिकों के समर्थन में उतर गए है। वहीं इस दौरान पन्ना लाल रक्षा मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश कपूर भी दोनों पूर्व फौजी भाइयों के समर्थन में उतरे है। रविवार को कैहनवाल के बायर गांव से पुलिस द्वारा मामले की जांच में बरती गई कोताही को लेकर धरना प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। पीड़ित नेत्र सिंह का कहना है कि क्रशर मालिक और उनके साथियों ने उन्हें इस तरह से मारा की उन्हें मौत के घाट उतारने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। यदि वहां पर उनका छोटा भाई कश्मीर सिंह नहीं आता तो शायद उन्हें मौत के घाट उतार दिया होता। उन्होंने कहा की पुलिस ने जांच में कोताही बरती है जिससे वह बिलकुल संतुष्ट नहीं है। उन्होंने मंडी पुलिस प्रशासन से जांच अधिकारी को बदलने और मामले में कोताही बरतने की जांच की मांग की है। वहीं पीड़ित कश्मीर सिंह का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। उन्होंने कहा की यदि उक्त स्थान पर समय से न पहुंचता तो बड़े भाई को उन्होंने खत्म कर दिया होता। दोनों पूर्व सैनिकों के समर्थन में कैहनवाल पहुंचे पन्ना लाल रक्षा मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश कपूर ने कहा कि इस प्रकार किसी के साथ मारपीट करना हमारे समाज के लिए बिलकुल भी स्वीकार्य नहीं है। वह दोनों के साथ हैं और इंसाफ के लिए अगर दिल्ली तक भी जाना पड़ेगा तो उससे भी हम गुरेज नहीं करेंगे। वहीं, एसएचओ सदर देशराज ने बताया कि क्रशर मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।