धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में पंचायत चुनावों को लेकर नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। पहले दिन जिला परिषद सदस्य पद के लिए 6 तथा पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 30 प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकनपत्र दाखिल किए। नामांकन प्रक्रिया को लेकर उपमंडल मुख्यालय धर्मपुर में दिनभर चहल-पहल बनी रही और प्रत्याशी समर्थकों के साथ नामांकन भरने पहुंचे। एसडीएम धर्मपुर एवं निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर पटियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत चुनावों के तहत नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से जारी है। प्रशासन की ओर से नामांकन केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं ताकि प्रत्याशियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि जिला परिषद सदस्य पद के लिए पहले दिन 6 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए, जबकि पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 30 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। नामांकन के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करवाने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। नामांकन केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई प्रत्याशी समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए पहुंचे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई थी तथा पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। एसडीएम जोगिंदर पटियाल ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया निर्धारित तिथियों तक जारी रहेगी और उसके बाद नामांकनपत्रों की जांच की जाएगी। उन्होंने सभी प्रत्याशियों से अपील की कि वे समय रहते अपने दस्तावेज पूर्ण कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन दाखिल करें। पंचायत चुनावों को लेकर धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। गांव-गांव में चुनावी चर्चाओं का दौर शुरू हो चुका है और संभावित प्रत्याशी जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं। प्रशासन द्वारा निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।