राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिद्धपुर में आयोजित 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की 67वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह सोमवार को उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिला मंडी ने विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑलराउंड बेस्ट का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में हिमाचल के 12 जिलों और तीन स्पोर्ट्स हॉस्टलों के कुल 619 खिलाड़ी छात्राओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान स्थानीय विधायक चंद्रशेखर ने शिक्षा मंत्री को सम्मानित किया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि जो खिलाड़ी किसी कारणवश इस बार सफलता हासिल नहीं कर पाए, वे निराश होने के बजाय अगली प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत करें। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। राज्य निदेशालय के मीडिया प्रभारी चंचल सिंह ठाकुर ने प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि वॉलीबॉल में जिला शिमला ने प्रथम, सोलन ने द्वितीय तथा मंडी और सिरमौर ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। कबड्डी में जिला सोलन प्रथम, मंडी द्वितीय तथा शिमला और सिरमौर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। खो-खो प्रतियोगिता में जिला मंडी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि हमीरपुर दूसरे और सोलन व सिरमौर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। कुराश में जिला सोलन ने पहला, हमीरपुर ने दूसरा और मंडी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, पारंपरिक खेल ठोड़ा में जिला मंडी प्रथम, शिमला द्वितीय और सिरमौर तृतीय स्थान पर रहा। स्टेट चैंपियन वॉलीबॉल में स्पोर्ट्स हॉस्टल जुब्बल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्टेट चैंपियन कबड्डी में जिला बिलासपुर प्रथम रहा। मार्च पास्ट प्रतियोगिता में जिला किन्नौर ने पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल का परिचय दिया। समापन समारोह में शिक्षा विभाग की ओर से एडीपीओ मुख्यालय संतोष चौहान, एडीपीओ शिमला राजेश, स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र बुराड़ी, जिला मंडी के खेल प्रभारी संतोष व अन्य मौजूद रहे।