मंडी स्थित सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) के बाहर सोमवार को बीएड प्रशिक्षुओं ने दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं स्थगित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रशिक्षुओं का कहना है कि 9 जून से प्रस्तावित परीक्षाएं फिलहाल नहीं करवाई जानी चाहिए, क्योंकि अवलोकन प्रशिक्षण और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के कारण उनका पाठ्यक्रम अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। विद्यार्थियों ने परीक्षा कम से कम 10 दिन आगे बढ़ाने की मांग उठाई है। प्रशिक्षुओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि वे पिछले एक माह से स्कूलों में अवलोकन प्रशिक्षण ले रहे थे और यह प्रशिक्षण 7 जून को ही समाप्त हुआ है। ऐसे में उन्हें परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाया। उनका कहना है कि कई विषयों का पाठ्यक्रम भी पूरा नहीं हुआ है और अधूरे सिलेबस के आधार पर परीक्षा कराना विद्यार्थियों के भविष्य के साथ न्याय नहीं होगा। सरदार पटेल विश्वविद्यालय में 9 जून से स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं भी शुरू होने जा रही हैं। ऐसे में बीएड प्रशिक्षुओं का यह विरोध प्रदर्शन विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए नई चुनौती बन गया है।