मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में दो नवंबर से सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) की अंतर महाविद्यालय एथलेटिक मीट-2026 का आयोजन किया जाएगा। तीन दिन तक चलने वाली यह खेल प्रतियोगिता चार नवंबर तक चलेगी। इसमें विश्वविद्यालय के अधीन आने वाले 20 महाविद्यालयों के महिला और पुरुष खिलाड़ी विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह सोमवार सुबह 10:30 बजे पड्डल मैदान में होगा। हिमाचल प्रदेश उच्च शिक्षा निदेशालय की निदेशक सुनीता सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगी। प्रतियोगिता में एसपीयू से संबद्ध 20 महाविद्यालयों की पुरुष एवं महिला टीमें भाग लेंगी। विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी गति, क्षमता और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि प्रदेश के अलग-अलग महाविद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी करेंगी। खेल आयोजन सचिव डॉ. अंजू शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता को व्यवस्थित ढंग से करवाने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है। खेल मैदानों को तैयार करने के साथ आयोजन से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि डॉ. अंजू शर्मा को आयोजन सचिव और प्रोफेसर विवेक कपूर को खेल संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एथलेटिक मीट के मीडिया समन्वयक फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, आपसी सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रतियोगिता के आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापक, गैर शिक्षक कर्मचारी, अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए), केंद्रीय छात्र संघ (सीएससीए) और विद्यार्थी भी सहयोग कर रहे हैं।