हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की उपतहसील मकरीडी की ग्राम पंचायत लांगणा के प्रैण गांव में गुरुवार को अचानक आग लगने से स्लेटपोश मकान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार प्रैण निवासी भीमा देवी और पोला देवी पत्नी हरि सिंह के मकान में सुबह 9:00 बजे अचानक आग लग गई। आग से मकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। गांव वासियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि, गांववासियों ने दमकल विभाग को भी सूचित किया था। लेकिन दमकल विभाग की टीम के पहुंचने तक गांव के लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। अग्निकांड में पीड़ित परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इस स्लेटपोश मकान में रखा सारा सामान व खाद्य सामग्री, बर्तन भी आग की भेंट चढ़ गए। हलका पटवारी नीलम ने घटनास्थल का जायजा लिया। तहसीलदार जोगिंदरनगर डॉ. मुकुल शर्मा ने बताया कि लांगणा पंचायत के प्रैण गांव में स्लेटपोश मकान में अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों अभी पता नहीं चल पाया हैं। उन्होंने बताया कि मकरीडी नायब तहसीलदार को घटनास्थल का जायजा लेने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार को 5000 रुपये की फौरी राहत की प्रदान की गई है और उनका रहने का इंतजाम भी किया जा रहा है।