जोगिंद्रनगर में रोटरी क्लब अब शिक्षा के क्षेत्र में भी डिजिटल क्रांति लाएगा। इसके लिए उपमंडल की सरकारी पाठशालाओं में ई-लर्निंग कक्षाओं के संचालन के पायलेट प्रोजेक्टों को धरातल में उतारने के लिए अंतरराष्ट्रीय रोटरी क्लब ने भी स्वीकृति प्रदान कर दी है। शिक्षा खंड द्रंग प्रथम की राजकीय प्राथमिक पाठशाला बनाईं में वरिष्ठ रोटेरियन अजय ठाकुर, चार्टर अध्यक्ष रणजीत कटोच ने बताया कि लडभड़ोल क्षेत्र के भराड़पट्ट और जोगिंद्रनगर के ऐहजू की सरकारी पाठशाला में दो ई-लर्निंग प्रोजेक्ट विकसित किए गए हैं। अब ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी पाठशालाओं में भी डिजिटल क्रांति लाने की योजना पर सहमति बनी है। रोटरी के इस कार्यक्रम में मौजूद सचिव सुशील पठानिया, रोटेरियन पीसी मंहत, ज्ञान चंद बरवाल ने कहा कि आधुनिक डिजिटल शिक्षा को सरल बनाने के लिए यह प्रोजेक्ट धरातल पर उतारे जाएंगे ताकि डिजिटल शिक्षा के कार्य में और भी अधिक सुधार लाया जा सके। इस दौरान स्कूल के 17 विद्यार्थियों को बैग, किताबें और कलर पैन भेंट किए गए। स्कूल की मुख्य शिक्षिका रंजना कटोच, अध्यापिका अनिता शर्मा, एसएमसी अध्यक्ष रीता देवी ने सरकारी स्कूलों में रोटरी के द्वारा आधुनिक शिक्षा में किए जा रहे सुधारों की सराहना की।