जोगिंद्रनगर उपमंडल में राजस्व विभाग के लंबित कार्यों पर जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए राजस्व अधिकारियों, कर्मचारियों और स्टाफ को 30 जुलाई से पहले जमाबंदी कार्यों को पूरा करने का अल्टीमेटम जारी किया है। भूमि का रिकॉर्ड भी अपग्रेड कर इसी अवधी में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को तहसील कार्यालय लडभड़ोल, जोगिंद्रनगर व उप तहसील मकरीड़ी में जिला राजस्व अधिकारी हरीश शर्मा ने अधिकारियों से समीक्षा बैठक कर फील्ड स्टाफ को भूमि विवादों को कम करने के लिए जमाबंदी कार्यों को तत्काल प्रभाव से पूरा करने के लिए चेताया। जबकि निशानदेही कार्यों को 30 सितंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा आम लोगों के विभिन्न तरह के प्रमाणपत्रों को बिना किसी विलंभ से ऑनलाइन पूरा करने की हिदायत दी। समीक्षा बैठक में उपमंडल के 76 पटवार सर्कलों व कानूनगो भवनों में लंबित फर्द कब्जा भी एक माह के भीतर हटाने को कहा। एसडीएम कार्यालय जोगिंद्रनगर में आयोजित इस बैठक में एसडीएम मनीश चौधरी ने उपस्थित राजस्व अधिकारियों व कर्मचारियों को जिला प्रशासन के निर्देशों के पालन के निर्देश दिए। इस मौके पर तहसीलदार जोगिंद्रनगर व लडभड़ोल डॉ. मुकुल अनिल शर्मा और नायब तहसीलदार जोगिंद्रनगर व उप तहसील मकरीड़ी विनय राश्पा ने कहा कि बैठक में मिले निर्देशों का अक्षरश पालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में जोगिंद्रनगर के कानूनगो सतीश भाटिया, जीतपुर मुहाल के कानूनगो अर्जुन सिंह, चौंतड़ा से दौलत राम, ढेलू से रमेश, तहसील कार्यालय के ऑफिस कानूनगो राजकुमार व अन्य मौजूद रहे।